एसएनएमएमसीएच में महिला डॉक्टर से रेडियोलॉजी विभाग के कर्मी ने किया दुर्व्यवहार, जूनियर डॉक्टरों ने किया हड़ताल, हजारों मरीजों को हुई परेशानी, सांसद प्रतिनिधि को डाॅक्टरों ने पीटा

 


धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में शनिवार को जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल कर दिया। सुबह से देर शाम तक हज़ारों मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। अस्पताल में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह से ठप कर दी गई। एक्स-रे सेंटर में रेडियोलॉजी विभाग के कर्मी सह सांसद प्रतिनिधि राम प्रवेश को जूनियर डॉक्टरों ने जमकर पिटाई कर दी। जूनियर डॉक्टर सुरक्षा और महिला डॉक्टर से दुर्व्यवहार करने वाले कर्मचारी पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम महिला ट्रेनी डॉक्टर से रेडियोलॉजी विभाग के एक कर्मचारी ने अस्पताल परिसर में दुर्व्यवहार किया था।


 डॉक्टरों का कहना है कि जब तक दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, वे लोग काम पर नहीं लौटेंगे। जूनियर डॉक्टरों ने बताया कि शुक्रवार को जब महिला ट्रेनी डॉक्टर भर्ती मरीजों का राउंड ले रही थीं, तभी रेडियोलॉजी विभाग के एक कर्मी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, उनकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर भी साझा की गई। 


इस घटना से नाराज डॉक्टरों ने ओपीडी और इमरजेंसी दोनों सेवाएं बंद कर दी। लोगों को कहना है कि प्रधानखंटा से गॉल ब्लाडर का इलाज कराने आई सुशीला देवी बिना डॉक्टर से मिले ही लौट गई। वहीं, बेड़ा नियामतपुर की शबाना परवीन ने बताया कि उन्हें सुबह 10 बजे डॉक्टर के आने की बात कही गई थी, लेकिन हड़ताल की जानकारी मिलने के बाद उन्हें वापस जाना पड़ा।


दूसरी ओर डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में ड्यूटी के दौरान अक्सर उन्हें अकेले ही वार्ड का राउंड करना होता है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं उनके लिए चिंता और असुरक्षा का माहौल बनाती हैं। डॉक्टरों ने साफ कहा है कि जब तक दोषी कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक सेवा बहाल नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने